ITBP: दीक्षांत समारोह में महिला सिपाहियों ने ली शपथ, देश की रक्षा में दिखाएंगी दम
“पंचकूला में ITBP के 489वें जीडी महिला बैच का दीक्षांत समारोह हुआ। मुख्य अतिथि संजीव रैना ने प्रशिक्षुओं को बधाई दी”
हरियाणा के पंचकूला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र में 489वें जीडी महिला बैच की हिमवीरांगनाओं का दीक्षांत और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ITBP पश्चिमी कमान के अपर महानिदेशक संजीव रैना मुख्य अतिथि रहे।
समारोह के दौरान, हिमवीरांगनाओं ने आत्मरक्षा के लिए युद्ध कला का प्रभावी प्रदर्शन किया। ITBP में प्रशिक्षणार्थियों को जूडो, कराते और अन्य युद्ध कलाओं का अभ्यास कराया जाता है।
संजीव रैना ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी और शुभकामनाएं दीं। महानिरीक्षक आनंद पाल सिंह निंबाड़िया ने बताया कि इन महिला सिपाहियों को 44 सप्ताह तक कठिन परिश्रम कराया गया है।
नव नियुक्त हिमवीरांगनाओं ने बल का हिस्सा बनकर खुशी व्यक्त की और आश्वासन दिया कि वे भविष्य में बल को गौरवान्वित कर देश का नाम रोशन करेंगी।
इन महिला सिपाहियों ने देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित होकर 42 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि पूरी की है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें हथियार चलाने, मैप रीडिंग, आत्मरक्षा, वित्तीय प्रबंधन, करियर विकास, कराटे, जूडो, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त, उन्हें विपरीत परिस्थितियों में खुद को संभालने और निडर बनने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया है।