“रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जयपुर में नए सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया, जो 100 नए स्कूलों की योजना का हिस्सा है। रक्षा मंत्री ने बताया कि यह स्कूल देशभर में स्थापित हो रहे 100 नए सैनिक स्कूलों के विजन का हिस्सा है”

23/09/2024 (PB शब्द) अश्वनी कुमार की रिपोर्ट
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज राजस्थान के जयपुर में एक नए सैनिक स्कूल का औपचारिक उद्घाटन किया। यह स्कूल देशभर में स्थापित हो रहे 100 नए सैनिक स्कूलों के विजन का हिस्सा है, जो एनजीओ, राज्य सरकारों और निजी स्कूलों की साझेदारी में खोले जा रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा, “ये नए स्कूल पहले से संचालित 33 सैनिक स्कूलों से अलग होंगे और रक्षा मंत्रालय ने साझेदारी मोड के तहत 45 नए स्कूलों को मंजूरी दी है।” उन्होंने बताया कि नए स्कूल संबंधित शिक्षा बोर्डों से संबद्ध रहेंगे और सैनिक स्कूल सोसायटी के तत्वावधान में कार्य करेंगे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि “ये नव स्थापित सैनिक स्कूल भारतीय सेना के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएंगे। इनके माध्यम से छात्रों में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों का विकास होगा।”
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना के अनुसार, 100 नए सैनिक स्कूल खोले जाने का लक्ष्य है, जो प्राइवेट-पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित होंगे। उन्होंने राजस्थान की वीरता और संस्कृति की सराहना करते हुए कहा, “राजस्थान की धरती पर सैनिक स्कूल का खुलना किसी वरदान से कम नहीं है।” इस कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद थे।
