छत्तीसगढ़ नक्सली मुठभेड़ अपडेट: IG ने की 31 नक्सलियों के शव बरामद होने की पुष्टि
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कल हुई मुठभेड़ इकतीस माओवादी मारे गए हैं। सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दंतेवाड़ा में हुई एक पत्रकारवार्ता में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि कल नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में हुई मुठभेड़ में मारे गए इकतीस माओवादियों में से पन्द्रह की पहचान हो गई है। इन माओवादियों पर एक करोड़ तीस लाख रूपए का इनाम घोषित था। आईजी ने बताया कि मारे गए माओवादियों में अट्ठारह पुरूष और तेरह महिला माओवादी शामिल हैं। घटनास्थल से एल.एम.जी रायफल, चार एके-फोर्टी सेवन, एस.एल.आर., इंसास और कैलिबर रायफल के अलावा कई अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।