“देश आज 15 अगस्त 2025 को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उनके साथ फ्लाइंग ऑफिसर राशिका शर्मा ने झंडा फहराने में सहयोग किया।“
लाल किले पर विशेष समारोह
झंडा फहराने के बाद भारतीय वायुसेना के दो Mi-17 हेलिकॉप्टरों से पुष्प वर्षा की गई। एक हेलिकॉप्टर ने राष्ट्रीय ध्वज और दूसरे ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का झंडा लहराया। इन हेलिकॉप्टरों को विंग कमांडर विनय पूनिया और विंग कमांडर आदित्य जायसवाल ने उड़ाया।
पीएम मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने किया। उन्हें 128 सदस्यों की इंटर-सर्विसेज गार्ड ऑफ ऑनर दी गई, जिसका नेतृत्व विंग कमांडर अरुण नागर ने किया।
लाल किले पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट पर जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘नया भारत’ रखी गई, जो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दर्शाती है।
ज्ञानपथ पर ‘नया भारत’ लोगो का निर्माण
लाल किले के सामने ज्ञानपथ पर सेना, नौसेना और वायुसेना के 2,500 कैडेट्स और ‘माय भारत’ वॉलंटियर्स ने बैठकर ‘नया भारत’ का लोगो बनाया।
समारोह में शामिल विशेष मेहमान
इस बार लगभग 5,000 विशेष मेहमानों को समारोह में आमंत्रित किया गया। इनमें शामिल हैं:
- 2025 स्पेशल ओलंपिक्स में भाग लेने वाला भारतीय दल
- अंतरराष्ट्रीय खेल विजेता और खेलो इंडिया पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट
- राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन और शहद मिशन के प्रशिक्षित और वित्तीय सहायता प्राप्त श्रेष्ठ किसान
- ओडीएफ प्लस गांवों के सर्वश्रेष्ठ सरपंच
- पीएम युवा योजना के प्रतिभाशाली युवा लेखक और उद्यमी
- पीएम वन धन योजना के लाभार्थी, एससी/एसटी उद्यमी और पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी
शाम को देशभर में आयोजन
इस वर्ष पहली बार देशभर में 140 से अधिक प्रमुख स्थानों पर सेना, नौसेना, वायुसेना, कोस्ट गार्ड, एनसीसी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, बीएसएफ, आईडीएस, आरपीएफ और असम राइफल्स के बैंड देशभक्ति धुनें बजाएंगे। यह ऑपरेशन सिंदूर की विजय का जश्न मनाएंगे।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पूरे देश में देशभक्ति की भावना को जागृत किया। इसके अलावा तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने जन-जन में राष्ट्रीय गौरव का संचार किया।
स्वतंत्रता दिवस की थीम – नया भारत
इस वर्ष की थीम ‘नया भारत’ 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दर्शाती है। यह थीम देश में युवा शक्ति, सशक्त किसान, उद्यमी और सैनिकों के योगदान को उजागर करती है।
