महाशिवरात्रि पर देशभर में भक्ति का माहौल, नेताओं ने दी शुभकामनाएं
“महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। इस शुभ अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।“
अमित शाह और नितिन गडकरी ने दी शुभकामनाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए कहा, “महाशिवरात्रि आत्मचिंतन, अध्यात्म और आस्था का पर्व है। यह हमें जीवन में संयम, शांति और समर्पण का संदेश देता है। भगवान शिव से प्रार्थना है कि वे सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस शुभ अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रकट करते हुए लिखा, “भगवान महादेव से प्रार्थना करता हूं कि वे देश की खुशहाली और समृद्धि में वृद्धि करें। समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं!”
राहुल गांधी, अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। शिवशक्ति की कृपा सभी पर बनी रहे। हर हर महादेव!”
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा, “महाशिवरात्रि की सर्वकल्याणकारी शुभकामनाएं! यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “त्रिभुवनपति भगवान शिव की आराधना और उपासना को समर्पित इस पावन महापर्व पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई। देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की कृपा से सभी का कल्याण हो।”
मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, शिवालयों में भक्तों का सैलाब
देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है और श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ रहे हैं। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है।
महाशिवरात्रि के इस शुभ अवसर पर देशभर में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। नेता और आम जनता सभी भगवान शिव की आराधना में लीन हैं। यह पर्व आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करने और भगवान शिव के आशीर्वाद को प्राप्त करने का उत्तम अवसर है।