“बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर हो रही जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। इस घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने हमलावर को पकड़ लिया। भाजपा नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया।“
बांसुरी स्वराज: ऐसे हमलों से रेखा गुप्ता डरने वाली नहीं
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा,
“दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हुआ हमला कायराना हरकत है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। लेकिन यह हमला रेखा गुप्ता का जज्बा नहीं तोड़ पाएगा। वह जमीन से जुड़ी नेता हैं और जनता के बीच जाकर काम करती हैं। ऐसे हमलों से उनके हौसले कमजोर नहीं होंगे।”
कमलजीत सहरावत: बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा,
“पिछले पांच महीनों से रेखा गुप्ता लगातार लोगों से जनसुनवाई कर रही हैं। आज जो हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री जनता का प्रतिनिधि होता है और उस पर हमला पूरे लोकतंत्र पर हमला है। इस घटना की गहन जांच होनी चाहिए।”
मंत्री प्रवेश वर्मा: लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा,
“मुख्यमंत्री पर जनसुनवाई के दौरान हुआ हमला लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। जनसुनवाई लोगों और सरकार को जोड़ने की प्रक्रिया है। इसे बाधित करने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है।”
मंत्री आशीष सूद: महिला नेतृत्व पर हमला अस्वीकार्य
मंत्री आशीष सूद ने कहा,
“मुख्यमंत्री पर हुआ हमला लोकतांत्रिक आचरण की मूल भावना के विपरीत है। यह समाज में अराजकता फैलाने का प्रयास है। ऐसे अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मुझे भरोसा है कि जांच पूरी सच्चाई सामने लाएगी।”
सांसद प्रवीण खंडेलवाल: सीएम सुरक्षित हैं
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा,
“मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुरक्षित हैं और अपना काम पहले की तरह करती रहेंगी। पुलिस जांच में जुटी है, चिंता की कोई बात नहीं है।”
