नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमैका के प्रधानमंत्री डॉ. एंड्र्यू होल्नेस के साथ द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में जमैका के प्रधानमंत्री डॉक्‍टर एन्‍ड्र्यू होल्नेस के साथ वार्ता कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हैदराबाद हाऊस पहुंचने पर डॉ. होल्नेस का गर्मजोशी से स्‍वागत किया। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए दोनों देशों के बीच अनेक समझौता ज्ञापनों और समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए जाने की उम्‍मीद है। डॉ. होल्नेस की यह पहली भारत यात्रा है। जमैका के प्रधानमंत्री का राष्‍ट्रपति और उपराष्‍ट्रपति से भी मिलने का कार्यक्रम है। चार दिन की यात्रा के दौरान वह व्‍यापार और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ भी बातचीत करेंगे। उनका कल वाराणसी जाने का कार्यक्रम है। 

जमैका के प्रधानमंत्री की यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढने के साथ-साथ कई अन्‍य प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी भी मजबूत होगी। भारत, जमैका की विकास परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में जमैका के किट्सन कस्‍बे में ग्रामीण विकास परियोजना के लिए 10 लाख डॉलर की सहायता की घोषणा की थी। यह पहल जमैका के सतत विकास के प्रति भारत की वचनबद्धता को प्रदर्शित करती है। व्‍यापार और निवेश के मोर्चे पर दोनों देशों ने अच्‍छी प्रगति की है। भारत और जमैका के बीच व्‍यापार 6 करोड़ 60 लाख डॉलर तक पहुंच गया है और वहां भारत का निर्यात निरंतर बढ़ रहा है। भारतीय कंपनियों की जमैका में विशेष रूप से सूचना प्रौद्योगिकी और बीपीओ सेक्‍टरों में पहुंच बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *