“भारत में ऑनलाइन मनी गेम्स का प्रसार पिछले कुछ वर्षों में तेज़ी से बढ़ा है। इन खेलों ने न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाया बल्कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाला। कई परिवार अपनी पूरी जमा पूंजी गँवा बैठे और कुछ मामलों में खिलाड़ियों ने आत्महत्या तक कर ली। इन्हीं खतरों को देखते हुए संसद ने ऑनलाइन गेमिंग विधेयक 2025 को पारित किया।“
विधेयक का उद्देश्य
इस विधेयक का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन मनी गेम्स के दुष्प्रभावों से बचाना है। सरकार चाहती है कि युवाओं को सुरक्षित डिजिटल विकल्प मिले। यही कारण है कि कानून ई-स्पोर्ट्स और सोशल गेम्स को बढ़ावा देता है लेकिन ऑनलाइन मनी गेम्स को पूरी तरह प्रतिबंधित करता है।
ऑनलाइन गेमिंग के तीन मुख्य प्रकार
1. ई-स्पोर्ट्स
ये प्रतिस्पर्धी वीडियो गेम्स हैं जिनमें टीमें या खिलाड़ी संगठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं। इनमें रणनीति, टीमवर्क और कौशल की अहम भूमिका होती है।
2. ऑनलाइन सोशल गेम्स
ये रोजमर्रा के मनोरंजन वाले गेम्स हैं। इन्हें सुरक्षित और सीखने या मनोरंजन के लिए उपयुक्त माना जाता है।
3. ऑनलाइन मनी गेम्स
इनमें पैसे का दांव होता है। चाहे वह भाग्य पर आधारित हो या कौशल पर। ऐसे खेल व्यसन, वित्तीय बर्बादी और अपराध से जुड़े होते हैं।
विधेयक के प्रमुख कारण
- लत और नुकसान: खिलाड़ी त्वरित पैसे की लालच में अपनी बचत गँवा देते हैं।
- मानसिक स्वास्थ्य: भारी कर्ज और नुकसान से अवसाद व आत्महत्या के मामले बढ़े।
- मनी लॉन्ड्रिंग: कुछ प्लेटफॉर्म अवैध पैसों को छिपाने का साधन बने।
- राष्ट्रीय सुरक्षा खतरा: कुछ गेम्स का दुरुपयोग आतंकी गतिविधियों तक में हुआ।
- कानूनी खामियां: भौतिक जुआ तो पहले से प्रतिबंधित था, लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रोक नहीं थी।
विधेयक के मुख्य प्रावधान
पूरे भारत पर लागू
यह कानून भारत के भीतर और बाहर से संचालित सभी ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं पर लागू होगा।
ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा
ई-स्पोर्ट्स को मान्यता दी गई है। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अकादमी, रिसर्च सेंटर और टूर्नामेंट आयोजित होंगे।
सुरक्षित सोशल गेम्स
सरकार ऐसे गेम्स को प्रोत्साहित करेगी जो शिक्षा, संस्कृति और कौशल पर आधारित हों।
मनी गेम्स पर पूर्ण प्रतिबंध
किसी भी तरह के मनी गेम्स को खेलना, विज्ञापन करना या प्रोमोट करना गैर-कानूनी होगा।
नियामक प्राधिकरण
एक राष्ट्रीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण बनेगा जो गेम्स का वर्गीकरण और निगरानी करेगा।
अपराध और दंड
- मनी गेम चलाने वालों को 3 साल तक की कैद और 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना।
- विज्ञापन करने वालों को 2 साल तक की कैद और 50 लाख रुपये का जुर्माना।
- बार-बार अपराध पर 5 साल की कैद और 2 करोड़ रुपये तक का जुर्माना।
विधेयक से मिलने वाले लाभ
रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बल
ई-स्पोर्ट्स और सुरक्षित गेम्स से रोजगार और नवाचार बढ़ेगा। भारत डिजिटल हब के रूप में उभरेगा।
युवाओं की सुरक्षा
युवा सुरक्षित और सकारात्मक गेमिंग की ओर आकर्षित होंगे। टीमवर्क, अनुशासन और कौशल विकसित होगा।
सुरक्षित डिजिटल वातावरण
परिवारों को धोखाधड़ी और लालच देने वाले प्लेटफॉर्म से बचाया जाएगा।
वैश्विक नेतृत्व
भारत जिम्मेदार गेमिंग नीति अपनाने वाले देशों में अग्रणी बनेगा।
ऑनलाइन गेमिंग विधेयक 2025 और अन्य कानून
यह कानून अकेले नहीं है बल्कि अन्य नियमों और अधिनियमों को भी मजबूत करता है—
- आईटी अधिनियम 2000: अवैध वेबसाइटों पर रोक।
- भारतीय न्याय संहिता 2023: अवैध सट्टेबाजी और जुए पर सजा।
- जीएसटी कानून: अपतटीय गेमिंग प्लेटफार्मों पर कर नियंत्रण।
- उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019: झूठे विज्ञापन पर रोक।
जागरूकता और सुरक्षा कदम
सरकार ने विज्ञापनदाताओं, इन्फ्लुएंसर और मीडिया प्लेटफॉर्म को चेतावनी दी है कि वे सट्टेबाजी गेम्स का प्रचार न करें। बच्चों और युवाओं के लिए सुरक्षित गेमिंग गाइडलाइन भी जारी की गई हैं। साथ ही नागरिकों के लिए साइबर अपराध रिपोर्ट करने हेतु cybercrime.gov.in पोर्टल और 1930 हेल्पलाइन उपलब्ध है।
भारत का भविष्य और जिम्मेदार गेमिंग
भारत डिजिटल और गेमिंग सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऑनलाइन गेमिंग विधेयक 2025 सुनिश्चित करेगा कि देश नवाचार और रोजगार तो बढ़ाए लेकिन युवाओं को नशे, धोखाधड़ी और आर्थिक संकट से भी बचाए। यह कानून भारत को जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल भविष्य की ओर ले जाएगा।
