“76वें गणतंत्र दिवस पर, कर्तव्य पथ पर सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की 148 सदस्यीय महिला टुकड़ी ने ‘नारी शक्ति’ का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस टुकड़ी का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट ऐश्वर्या जॉय एम ने किया। महिला टुकड़ी देश के विभिन्न हिस्सों में तैनात इकाइयों से चुनी गई है और यह उग्रवाद विरोधी, नक्सलवाद विरोधी और कानून व्यवस्था की ड्यूटी में सक्रिय रहती है। इस टुकड़ी ने एक ‘मिनी इंडिया’ की झलक पेश की।“
दिल्ली पुलिस की ऑल-विमेन बैंड की भागीदारी
दिल्ली पुलिस की ऑल-विमेन बैंड ने दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया। इस बैंड का नेतृत्व बैंड मास्टर रूयांगुनुओ केंस ने किया। बैंड में चार महिला सब-इंस्पेक्टर और 64 महिला कांस्टेबल शामिल थीं। दिल्ली पुलिस की मार्चिंग टुकड़ी का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऋषि कुमार सिंह ने किया। यह टुकड़ी अब तक 16 बार सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी का पुरस्कार जीत चुकी है।
आरपीएफ का देशभक्ति प्रदर्शन
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की 92 सदस्यीय टुकड़ी ने ‘वीर सैनिक’ धुन पर मार्च करते हुए सलामी दी। इस टुकड़ी का नेतृत्व डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर आदित्य ने किया। आरपीएफ ने अपनी सतर्कता, शक्ति और सेवा का प्रदर्शन किया। भारतीय रेलवे की सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब तक आरपीएफ के 1087 जवान ड्यूटी पर अपने प्राणों की आहुति दे चुके हैं। उनका आदर्श वाक्य है – ‘सेवा ही संकल्प’।
बीएसएफ की ऊंट टुकड़ी का रंगीन प्रदर्शन
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ऊंटों पर सजी-धजी टुकड़ी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। राजस्थान और कच्छ के कठिन इलाकों में यह ऊंट ‘मरुस्थल के जहाज’ कहे जाते हैं। इन ऊंटों को रंग-बिरंगे परिधानों में सजाया गया था, जो गणतंत्र दिवस की शोभा को और बढ़ा रहे थे।
गणतंत्र दिवस 2025 पर कर्तव्य पथ पर ‘नारी शक्ति’ और देशभक्ति के अद्भुत प्रदर्शन ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। यह परेड भारत की विविधता और सशक्तिकरण का प्रतीक बनी।
