“आजकल के वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए वर्कआउट करने का समय निकालना मुश्किल हो सकता है। लंबी बैठकें, काम के बीच लगातार बैठना, और ऑफिस के घंटों में व्यस्तता के कारण अधिकतर लोग अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाते। लेकिन क्या आप जानते हैं कि चेयर योगा के आसनों के माध्यम से आप अपनी सेहत को बनाए रख सकते हैं, जबकि आप अपनी कुर्सी पर बैठे होते हैं?“
चेयर योगा एक सरल और प्रभावी तरीका है, जो आपके शरीर को स्ट्रेच, लचीलापन, और शक्ति प्रदान करता है, और इसके लिए आपको कोई विशेष उपकरण की जरूरत नहीं होती। चाहे आप ऑफिस में काम कर रहे हों या घर में, चेयर योगा से आप आसानी से अपने शरीर को राहत दे सकते हैं।
इस लेख में हम आपको चेयर योगा के 8 आसन बताएंगे, जिन्हें आप ऑफिस में अपने डेस्क पर बैठकर आसानी से कर सकते हैं। इन आसनों को अपनाकर आप अपने शरीर को स्वस्थ, फिट और ताजगी से भरपूर रख सकते हैं।
1. सीटेड पोज
इस आसन को करने के लिए, अपनी कुर्सी पर बैठकर अपने हाथों को अपनी जांघों पर रखें। दोनों पैरों को जमीन पर टिकाएं और गहरी सांस लें। इस स्थिति में 2 मिनट तक अपने शरीर को महसूस करें। यह आसन आपके शरीर को रिलैक्स करने और मानसिक तनाव को कम करने में मदद करेगा।
2. तड़ासन (Seated Tadasana)
कुर्सी पर बैठकर गहरी सांस लेते हुए अपने हाथों को ऊपर की तरफ उठाएं। फिर अपने हाथों को आराम से अपने सिर से ऊपर की तरफ ले जाएं। इस दौरान अपने वजन को हिप से ऊपर ले जाने की कोशिश करें। इस आसन से आपकी कमर, पेट और कंधे मजबूत होते हैं।
3. स्टैंडिंग साइड स्ट्रेच (Standing Side Stretch)
यह आसन बैठे-बैठे भी किया जा सकता है। सीधे खड़े हो जाएं और अपने दाएं हाथ को बाएं हाथ से पकड़ें। फिर हाथों को इसी पॉजिशन में रखते हुए दाईं ओर झुक जाएं। 2-5 बार सांस लेते हुए इस स्थिति में बने रहें और फिर दूसरी साइड से ऐसा ही करें। यह आपके पेट और पक्षों को स्ट्रेच करता है।
4. चेयर पोज (Chair Pose)
इस आसन को करते समय, अपने सिर को धीरे-धीरे आगे की ओर झुका कर, चेयर पोज की तरह अपने हाथों को नीचे की ओर रखने की कोशिश करें। तीन बार गहरी सांस लें और अपनी एनर्जी का बहाव महसूस करें। यह आसन आपकी पीठ और पैरों को मजबूत करने में मदद करता है।
5. काऊ–कैट पोज (Cow-Cat Pose)
इस आसन में अपने हाथों को अपनी जांघों या घुटनों के ऊपर रखें। कुर्सी पर बैठकर तनकर बैठें और गहरी सांस लें। अब अपनी टुड्ढी को काऊ पोज की तरह ऊपर उठाएं। फिर सांस छोड़ते हुए अपनी बैक को कैट पोज में घुमाएं। यह आसन आपके कंधे और कमर के लिए लाभकारी है।
6. सिम्पल ट्विस्ट (Simple Twist)
अपने बाएं हाथ को कुर्सी के पिछले हिस्से और दाएं हाथ को कुर्सी के आर्म के ऊपर रखें। अब बारी-बारी से अपने बैक को बाएं और दाएं स्ट्रेच करें। इस दौरान अपने हाथों का इस्तेमाल ना करें, बल्कि केवल बैक के सहारे यह स्ट्रेच करें। साइड बदलने से पहले 3-5 बार गहरी सांस लें। यह आपकी स्पाइन और कमर के लिए लाभकारी है।
7. शोल्डर फ्रेम (Shoulder Frame)
अपने बाजुओं को एक के ऊपर एक रखकर फ्रेम जैसा बनाएं। फिर सांस लेते हुए अपने बाजुओं को सिर के ऊपर की तरफ ले जाएं और सांस छोड़ते हुए बाजुओं को सामने की तरफ लेकर आएं। यह आसन आपको ज्यादा शांति और स्थिरता महसूस कराता है और आपके कंधों को आराम देता है।
8. फिनिशिंग सीट (Finishing Seat)
इस आसन में अपने हाथों को एक बार फिर जांघों पर रखकर जितनी देर हो सके आराम की मुद्रा में रहें। यह आपके शरीर को अच्छा आराम और एकाग्रता महसूस कराता है। इस स्थिति में कुछ देर रहें, ताकि आपके शरीर में पूरी ताजगी और शांति बनी रहे।
