Raebareli Father Suicide After Daughter Marriage: रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। रायबरेली जिले से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी का कन्यादान करने के महज आठ घंटे बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह बेटी की शादी में हुए कर्ज और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को लेकर मानसिक तनाव में थे।

विदाई से पहले घर से निकले, फिर नहीं लौटे

बताया गया कि 50 वर्षीय कौशल राज, जो पेशे से मिस्त्री थे, बुधवार सुबह करीब 11 बजे बेटी की विदाई से पहले घर से निकल गए। जब विदाई की रस्म शुरू हुई तो बेटी ने अपने पिता को बुलाने के लिए कहा। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

Jammu Kashmir Census 2027: 100% डिजिटल डेटा कलेक्शन के साथ पहला चरण पूरा

पिता के बिना ही बेटी की विदाई करनी पड़ी।

शाम को पेड़ से लटका मिला शव

शाम करीब 7 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर एक पेड़ पर कौशल राज का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

पिता की मौत की खबर सुनकर लौट आई बेटी

पिता की मौत की खबर मिलते ही नवविवाहिता बेटी ससुराल से वापस मायके पहुंची। पिता के शव से लिपटकर उसका विलाप देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

शादी में हुआ था करीब दो लाख रुपये का खर्च

मृतक के बेटे के अनुसार, बेटी की शादी में लगभग दो लाख रुपये खर्च हुए थे, जिसके कारण परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया था। परिवार में अभी दो और बेटियों की शादी भी बाकी थी। आर्थिक तंगी और भविष्य की जिम्मेदारियों की चिंता से कौशल राज काफी परेशान चल रहे थे।

गुरुवार को हुआ अंतिम संस्कार

गुरुवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने कौशल राज का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। इस घटना में आत्महत्या के कारणों को लेकर जो बातें सामने आई हैं, वे परिजनों द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी पर आधारित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *